सेब का सिरका जिसको एप्पल साइडर विनगेर भी कहते हैं, यह हमारी सेहत के लिए बहुत ही लाभदायक होता है। आज के इस ब्लॉग में जानेंगे कि कैसे सेब का सिरका हमारी सेहत के लिए फायदेमंद है और साथ ही कोई इसके नुकसान है तो वह क्या है? और सेब के सिरके का सही तरह से सेवन कैसे करना चाहिए।
सेब के सिरके का इस्तेमाल आप पीने और अपनी त्वचा पर लगाकर कर सकते हैं। अगर आप इसको पीने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं तो इस बात का ध्यान रखें कि सेब के सिरके को हमेशा पानी में मिलाकर, इसे पतला कर लीजिए। ऐसा करने से इसमें मौजूद एसिड की मात्रा बहुत कम हो जाती है। अगर आप इसको पतला नहीं करते हैं तो यह सेहत को फायदा पहुँचाने से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता है। आइए समझते हैं कि सेब के सिरके का सेवन कैसे-कैसे कर सकते हैं:-
सेब के सिरके को पीने का सही तरीका यह है कि एक गिलास पानी में एक से दो चम्मच सेब का सिरका मिलाएं। इस मिश्रण का इस्तेमाल आप खाना खाने के आधे घंटे पहले या खाना खाने के एक घंटे बाद करें।
सेब के सिरके का इस्तेमाल अपनी त्वचा पर करने के लिए पहले आप पानी का अनुपात 1:3 रखें। आसानी से समझे तो एक भाग सेब के सिरके में तीन गुना पानी मिलाएं, जिससे यह पतला हो जाए। फिर इसे आप त्वचा या बालों पर लगा सकते हैं।
सेब के सिरके का इस्तेमाल हमेशा औषधि के रूप में ही करना चाहिए और इस बात का भी ध्यान रखें कि इसकी मात्रा कम ही रखें जैसे 5-10 ml ही काफी है। आइए अब जानते हैं सेब के सिरके के फायदे, नुकसान और सेवन की विधि के बारे में विस्तार से।
सेब के सिरके के फायदे तो बहुत-से हैं, लेकिन इसका सेवन अपनी जरूरत और बीमारी के हिसाब से ही करना चाहिए। आप सेब के सिरके का सेवन कई तरह से कर सकते हैं जैसे सलाद में इसका सेवन किया जा सकता है। इसके सिवा, आप कुछ तरल पदार्थों में भी इसकी थोड़ी मात्रा को मिलाकर सेवन कर सकते हैं। आइए बात करते हैं सेब के सिरके के कुछ अहम फायदों के बारे में:-
सेब के सिरके का सबसे ज्यादा इस्तेमाल वजन कम करने के लिए करते हुए देखा गया है। आज के लाइफस्टाइल और खान-पान के तरीकों से लोग मोटापे से परेशान है, ऐसे में सेब का सिरका इस्तेमाल करके लोग अपनी समस्या दूर कर सकते हैं। सेब का सिरका शरीर की अतिरिक्त कैलोरी को बर्न करने में मदद करता है और खासतौर पर बेली फैट को कम करने में सबसे ज्यादा मददगार है।
सेवन विधि : आप वजन कम करने के लिए सेब के सिरके को एक गिलास गुनगुने पानी में एक से दो चम्मच सेब मिलाकर, सुबह खाली पेट लें।
विशेषज्ञों की माने तो सेब के सिरके में ऐसे गुण मौजूद होते हैं जो डायबिटीज को मैनेज रखने में मददगार है। यह ब्लड शुगर के लेवल को कम करने में प्रभावी रूप से असरदार है। इसलिए डायबिटीज के मरीज को इसका सेवन करना चाहिए।
सेवन विधि : एक गिलास नॉर्मल पानी में सेब के सिरके की एक से दो चम्मच मिलाए और दिन के समय भोजन से आधे घंटे पहले सेवन करें। आप चाहे तो यह रात में सोने से पहले भी इसका सेवन कर सकते हैं यह भी फायदेमंद माना जाता है।
सेब के सिरके का सेवन करने से आप पेट से जुड़ी समस्याओं से राहत पा सकते हैं। सिरके के अम्लीय गुण पेट की पाचक अग्नि को बढ़ाते हैं, जिसकी वजह से पाचन तंत्र बेहतर और दुरुस्त हो जाता है। जिससे पेट फूलने या अपच जैसी समस्याओं से आराम मिल जाता है।
सेवन विधि : एक गिलास पानी में एक से दो चम्मच सेब का सिरका मिलाकर सेवन करने से अपच या पेट फूलने की समस्या से आराम मिल जाता है।
सेब के सिरके का आप इस्तेमाल अपने मुंहासों को दूर करने के लिए भी कर सकते हैं। वैसे तो मुंहासो की समस्या बैक्टीरिया की वजह से होती है। सेब के सिरके में मौजूद एसिड की ज्यादा मात्रा बैक्टीरिया को नष्ट करते हुए शरीर में इसके संक्रमण को और फैलने से रोकने में मदद तो करती ही है साथ ही त्वचा के pH लेवल को भी मैनेज करती है। मुंहासो की वजह से चेहरे पर आए धब्बे या निशान को हल्का करने में भी मदद करती है।
उपयोग विधि : एक से तीन एमएल (ml) सेब के सिरके में थोडा पानी मिलाएं और फिर इसे सीधे अपने मुंहासो पर लगाएं। इसको रात भर सूखने के लिए छोड़ दें और सुबह ठंडे पानी से धो लें। ऐसा कुछ दिन लगातार करने से ही आपके मुंहासे पूरी तरह खत्म हो जाएंगे।
कई लोगों का मानना है कि सेब के सिरके का इस्तेमाल करने से त्वचा को साफ और गोरी होती है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। सेब के सिरके से व्यक्ति गोरा नहीं होता बजाय, सेब का सिरका उपयोग करने से चेहरे और त्वचा पर मौजूद दाग धब्बों को कम करता है जिसकी वजह से त्वचा पहले से ज्यादा साफ़ नज़र आती है।
उपयोग विधि : सेब के सिरके और पानी को आपस में 1:3 के अनुपात से मिलाएं। अब इस मिश्रण में रुई को भिगोकर, सीधे त्वचा के प्रभावित हिस्से पर लगाएं। अगर आपको ज़रूरत हो तो पूरे चेहरे पर भी लगा सकते हैं। इसके सूखने के बाद आप इसे ठंडे पानी से धो लें। जिन लोगों की त्वचा बहुत संवेदनशील है वह इस मिश्रण में पानी की मात्रा को बढ़ाकर ही इस्तेमाल करें।
अगर किसी भी व्यक्ति को बालों में डैंड्रफ की समस्या है तो वह सेब के सिरके की मदद से डैंड्रफ की समस्या को खत्म कर सकता है। सेब के सिरके में मौजूद एसिड, बढ़ रहे डैंड्रफ को रोकता हैं साथ ही बालों में मौजूद तेल की अधिक मात्रा को कम करता है।
उपयोग विधि : सेब का सिरका 10-15 ml मात्रा में एक से दो गिलास पानी मिलाएं और इसे पतला कर लें। फिर इसे सिर की त्वचा और बालों की जड़ों में अच्छे से लगाएं, ऐसा करने से डैंड्रफ और ऑयली हेयर से छुटकारा मिल जाएगा। बेहतरीन परिणाम पाने के लिए हफ्ते में दो बार इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
बहुत से लोगों में दिल से जुड़ी समस्या पैदा होने लगी है और इसके पीछे सबसे बढ़ा कारण शरीर में कोलेस्ट्रॉल लेवल का ज्यादा होना है। कुछ शोधों के हिसाब से सेब का सिरका कोलेस्ट्रॉल और ट्राईग्लिसराइड के लेवल को कम करने में मददगार है और इससे दिल से जुड़ी कई बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है।
सेवन विधि : सेब का सिरका एक गिलास नॉर्मल पानी में एक से दो चम्मच मिलाएं। इस मिश्रण को खाना खाने से आधे घंटे पहले लें। आप इसको दिन में दो बार लें सकते हैं।
मौसम में बदलाव आने से या ठंडी गरम चीजें एक साथ खा लेने से गले में खराश होने की समस्या हो सकती है। अगर आप गले की खराश की समस्या से परेशान हैं तो सेब के सिरके के सेवन से आप राहत पा सकते हैं। सेब के सिरके में मौजूद एंटी बैक्टीरियल गुण आपके गले की खराश की समस्या में जल्दी आराम दिला सकता हैं।
सेवन विधि : एक गिलास गुनगुने पानी में एक चम्मच सेब के सिरके को अच्छे मिलाकर रात में सोने से पहले सेवन कीजिए।
विशेषज्ञों की माने तो सेब के सिरके में ऐसे गुण मौजूद होते हैं जो हानिकारक टॉक्सिन को शरीर से बाहर निकालते हुए लीवर को साफ़ करते हैं। इस वजह से लीवर की कार्यक्षमता भी बढ़ा जाती है, साथ ही लिवर स्वस्थ रखने में मदद भी मिलती है।
सेवन विधि : एक गिलास पानी में एक चम्मच सेब के सिरके को मिलाकर दिन में दो बार खाने से आधे घंटे पहले पीएं।
सेब के सिरके में मौजूद गुण बैक्टीरिया को खत्म करने में एक असरदार भूमिका निभाता है। इसी वजह से सेब के सिरके को फ़ूड प्रिजरवेटिव के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं। इसके इस्तेमाल से खाने पीने वाली चीजों में बैक्टीरिया को फैलने और संक्रमण फैलाने से रोकने में मदद मिलती है। इसी वजह से अचार या खाने पीने की कुछ ख़ास चीजों को लम्बे समय तक खराब होने से बचाने के लिए सिरके का इस्तेमाल किया जाता है।
जरूरी नहीं है कि सेब के सिरके से सिर्फ आपको फायदा ही हो। कई बार इसका सेवन करने से साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं इसलिए कुछ सावधानियां बरते। आइए जानते हैं सेब के सिरके का सावधानी के साथ कैसे इस्तेमाल करें।
अगर किसी व्यक्ति में बोन मिनरल डेंसिटी कम है या फिर ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसी किसी समस्या से पीड़ित हैं, तो सेब के सिरके का सेवन करने से पहले डॉक्टर से जरूर परामर्श लें।
सेब के सिरके का सेवन खट्टे फलों के जूस और नींबू के साथ बिल्कुल न करें। सिरके में पहले से ही एसिटिक एसिड की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो नुकसानदायक हो सकती है। सेब के सिरके का इस्तेमाल करने से पहले पानी मिलाकर पतला कर लें।
सेब के सिरके का सेवन चाय या कॉफ़ी पीने के तुरंत बाद करने से बचें क्योंकि इन पेय पदार्थों में मौजूद कैफीन आपकी पाचक अग्नि पर बुरा असर डाल सकता है।
अगर आप त्वचा पर सेब के सिरके का इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो इस बात का ध्यान रखें कि यह बहुत एसिडिक होता है। अगर सेब के सिरके में बिना पानी मिलाएं, सीधे त्वचा पर लगा लिया जाएँ तो आपकी त्वचा को बहुत नुकसान पहुँच सकता है। सेब के सिरके को इस्तेमाल करने से पहले अपनी त्वचा पर इसका एक पैच परीक्षण जरूर करें ऐसा करने की सलाह भी दी जाती है।
सेब के सिरके का सेवन फायदेमंद तो है लेकिन साथ ही आपकों कुछ सावधानियों को भी ध्यान में रखने की ज़रूरत है, जिससे आपको कोई नुकसान न पहुँचें।
मेडिकल डिस्क्लेमर - निम्नलिखित जानकारी केवल शैक्षिक उद्देश्यों के लिए ही है। इस वेबसाइट पर दी गई कोई भी जानकारी, जिसमें टेक्स्ट, ग्राफ़िक और चित्र शामिल हैं, वह पेशेवर चिकित्सा सलाह के विकल्प के रूप में नहीं है। कृपया अपनी स्थिति से संबंधित विशिष्ट चिकित्सा सलाह के बारे में जानने और समझने के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।